कोरबा: सूने मकान से 8 लाख की बलेनो कार चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कार बरामद की

कोरबा । सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में एक सूने मकान से बलेनो कार चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई कार बरामद कर ली है। तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार को वरुण सुद (34 वर्ष) ने शिकायत दर्ज की कि उनके पड़ोसी सतीश शर्मा, जो पिछले 20 दिनों से मद्रास गए हुए थे, के मकान का मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और पोर्च में खड़ी बलेनो कार (क्रमांक सीजी-12बीजी-5810, कीमत लगभग 8 लाख रुपये) चोरी हो गई थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रामपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवारी निवासी सत्यप्रकाश महंत और योगेश साहू को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूने मकान का ताला तोड़कर कार की चाबी के साथ कार चोरी करने और उसे दर्री लाल मैदान में छिपाने की बात कबूल की।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई बलेनो कार बरामद कर ली। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध के पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है।