कोरबा। शहर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित पंप हाउस क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे की तैयारी को लेकर मामला सामने आया है। बाल विहार स्कूल के सामने स्थित अटल आवास के पीछे नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन से लगी करीब एक से डेढ़ एकड़ शासकीय जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसको लेकर क्षेत्र के रहवासियों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। रहवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित व्यक्ति को समझाइश देते हुए शासकीय जमीन पर कब्जा नहीं करने की बात कही, लेकिन उनके विरोध और आपत्ति को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में विवाद की स्थिति बनने की आशंका भी बनी हुई है।

शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण की कोशिश को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हो सकता है।
अब देखना यह है कि नगर निगम प्रशासन मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।क्या संबंधित अधिकारी मौके का निरीक्षण कर भूमि की स्थिति की जांच करेंगे और अतिक्रमण की पुष्टि होने पर शासकीय जमीन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे, या फिर मामला प्रशासनिक उदासीनता के बीच लंबित रह जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
