महिला की गला दबाकर हत्या, आरोपी सौरभ यादव गिरफ्तार

कोरबा । बालकोनगर पुलिस ने महिला की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला की मौत सांप काटने से मौत होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एफएसएल रिपोर्ट एवं डॉक्टर की राय के आधार पर हत्या का खुलासा किया गया।

खबर के अनुसार बालकोनगर थाना अंतर्गत 22 जुलाई 2024 को मर्ग क्रमांक 91/2024 धारा 194 बीएसएस में मृतिका शांति चौहान पति संजय चौहान उम्र 32 वर्ष निवासी नेपालीपारा चेकपोस्ट बालकोनगर की मृत्यु सर्पदंश से होना बता कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

घटनास्थल निरीक्षण, शव निरीक्षण व शव परीक्षण के बाद पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा स्पष्ट राय नहीं दी गई  बिसरा आदि पिजर्व किया गया था एफएसएल रिपोर्ट पश्चात राय देने की बात कही गई।

मृतिका के ब्लड सैम्पल को एफएसएल बिलासपुर भेजा गया, जहाँ रिपोर्ट में रासायनिक विष नहीं पाया गया। इसके पश्चात डॉक्टर ने अपनी अंतिम राय में बताया कि मृतिका की मृत्यु गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई है। जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना दिनांक की रात्रि मृतिका अपने परिचित सौरभ यादव के साथ रह रही थी और अगले दिन सुबह मृत अवस्था में पाई गई। घटना के बाद से सौरभ यादव फरार हो गया।

जांच के आधार पर मृतिका शांति चौहान की हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी सौरभ यादव पिता लल्लन प्रसाद 32 वर्ष निवासी खैरुददीनपुर, थाना पवई, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.) हाल मुकाम- कोसाबाड़ी को संदेही पाया गया।

विवेचना के दौरान गवाहों के कथन एवं आरोपी सौरभ यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ ने आरोपी सौरभ यादव ने मृतिका व्दारा शादी करने का दबाव देने पर मारपीट कर मुंह-नाक  गला  दबाकर हत्या करना कबूल किया। इस आधार पर आरोपी सौरभ यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।