उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन का निर्देश: जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करें, टीपी नगर निर्माण में लाएं तेजी

उद्योग मंत्री ने ली निगम के अधिकारियों की बैठक

कोरबा। उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को नगर पालिक निगम के अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि वे आमजनता की समस्याओं के प्रति पूर्ण रूप से संवेदनशील रहते हुए उनकी शिकायतों का शीघ्र निराकरण कराएं तथा जनता की अपेक्षाओं, उनकी मांगों व आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि वार्ड, बस्ती व शहर के विकास कार्यो में आवश्यक तेजी लाएं, निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, समयसीमा में कार्यो को पूरा करें।  

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जिला पंचायत कोरबा के सभागार में नगर पालिक निगम के अधिकारियों की बैठक लेकर वार्ड, बस्ती व शहर के विकास कार्यो की कार्य प्रगति, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन व प्राप्त परिणामों तथा आमजनता की समस्याओं से जुड़े विषयों व उनके निराकरण संबंधी कार्यो की कार्यप्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय व पार्षद नरेन्द्र देवांगन भी उपस्थित थे।

निगम आयुक्त ने निगम के विकास कार्यो, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति एवं निगम से जुड़े विभिन्न कार्यो की वर्तमान कार्यप्रगति की बिन्दुवार जानकारी बैठक में प्रस्तुत की तथा निगम द्वारा किए जा रहे विकास व निर्माण कार्यो की मदवार व जोनवार जानकारी उद्योग मंत्री को दी।

मंत्री श्री देवांगन ने जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना मद, 15वें वित्त आयोग मद, प्रभारी मंत्री मद, विधायक मद, मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद,अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद,राजस्व व आपदा प्रबंधन मद,निगम मद,एनसीएपी मद सहित अन्य विभिन्न मदो के अंतर्गत प्रस्तावित, स्वीकृत व प्रगतिरत निर्माण कार्यो की जोनवार जानकारी लेते हुए कार्यो की वर्तमान प्रगति की सघन रूप से समीक्षा की।

बैठक के दौरान पार्षद मुकुंद सिंह कंवर,अपर आयुक्त विनय मिश्रा,अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ,उपायुक्त बी.पी.त्रिवेदी व पवन वर्मा, लेखाधिकारी भवकांत नायक, जोन कमिश्नर अखिलेश शुक्ला, भूषण उरांव, एनके नाथ, विनोद शांडिल्य, तपन तिवारी, प्रकाश चन्द्रा, सुनील टांडे, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, संपदा अधिकारी अनिरूद्ध सिंह, सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, विपिन मिश्रा, पीयूष राजपूत, लीलाधर पटेल आदि उपस्थित थे।


टीपी नगर निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि कोरबा में नया टी.पी.नगर का निर्माण शीघ्र हो, यह अतिआवश्यक है, अत: नया टीपी नगर निर्माण की कार्यप्रक्रिया को तेजी के साथ आगे बढ़ाएं ताकि उक्त महत्वपूर्ण कार्य को मूर्त रूप दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास मद के अंतर्गत प्रस्तावित तथा 36 करोड़ रूपये की लागत वाली पेयजल विस्तार योजना में रापाखर्रा ढेलवाडीह सहित अन्य सभी दूरस्थ बस्तियों को शामिल किया जाए ताकि इन सभी बस्तियों में पेयजल की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।