तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान, बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किलें

कोरबा जिले में तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है, लेकिन इससे उमस और बढ़ सकती है।

जिले में मानसून की गति धीमी पड़ने से मौसम बार-बार बदल रहा है। सावन में अच्छी बारिश से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन भादो मास में बारिश कम होने से तापमान फिर से बढ़ गया है। सोमवार को सुबह 9 बजे से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। हल्की बूंदाबांदी के बावजूद वातावरण में नमी के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को पसीना छुड़ा रही है। लोग धूप से बचने के लिए गमछे और कपड़ों का सहारा ले रहे हैं, वहीं कूलर, पंखे और एसी का उपयोग बढ़ गया है।

बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी

उमस भरी गर्मी के बीच जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गई है। सोमवार को तुलसी नगर, पाड़ीमार, दर्री जोन, सर्वमंगला नगर, दुरपा, आजाद नगर और शांति मोहल्ला जैसे कई इलाकों में बार-बार बिजली कटौती की समस्या रही। इससे लोगों को गर्मी से राहत पाने में और मुश्किल हो रही है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव का अनुमान जताया है, लेकिन बिजली आपूर्ति की अनियमितता ने लोगों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। स्थानीय लोग प्रशासन और बिजली विभाग से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं, ताकि गर्मी और उमस के इस दौर में कुछ राहत मिल सके।