उपद्रवी बाइक चालकों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई, 8 दबोचे गए

कोरबा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भापुसे) के निर्देश पर एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का लक्ष्य तेज रफ्तार, लापरवाह ड्राइविंग, खतरनाक स्टंट और मॉडिफाइड साइलेंसर से शोर मचाने वाले मोटरसाइकिल चालकों पर नकेल कसना था।

पुलिस ने मुख्य सड़कों, नाकेबंदी और चेकिंग प्वाइंट पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 8 बाइक चालकों को पकड़ा।

पकड़े गए चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई, और मामले न्यायालय में पेश किए जाएंगे।

पकड़े गए चालकों में प्रथम वायवाची (23 वर्ष), आशीष (19 वर्ष), शशिकांत खुट्टे (21 वर्ष), प्रदुम साहू (19 वर्ष), भोलाशाह (23 वर्ष), सनी यादव (22 वर्ष), शशिकांत नागर (18 वर्ष), और धनराम महंत (21 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा कि दोबारा उपद्रव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें वाहन जब्ती और जेल की सजा भी शामिल है।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनें, अनावश्यक शोर और स्टंट से बचें, और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।