पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का वार्षिक सत्यापन, मोबाइल एप से चलेगा विशेष अभियान

कोरबा। शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का वार्षिक सत्यापन अब मोबाइल एप ‘बेनेफिशरी सत्यापन एप’ के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए नगर पालिक निगम कोरबा के सभी वार्डों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी कर वार्डवार कर्मचारियों की ड्यूटी नियुक्त की है।

शासन के दिशा-निर्देशों के तहत सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाएगा।

सत्यापन के दौरान हितग्राहियों से आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति और मोबाइल नंबर भी लिया जाएगा। इस कार्य के लिए गठित दल हितग्राहियों के घर जाकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करेगा।

अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने अभियान के सफल संचालन के लिए कर्मचारियों को वार्डवार जिम्मेदारी सौंपी है।