कोरबा पुलिस का विशेष अभियान: 24 घंटे में 87 फरार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

कोरबा। कोरबा पुलिस ने अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया, जिसमें 24 घंटे के भीतर 87 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन सभी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इनमें 13 स्थायी वारंटी और 74 ऐसे आरोपी शामिल हैं, जिनके खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

इस अभियान में बाल्को थाने ने सबसे अधिक 17 आरोपियों को पकड़ा, जबकि सीएसईबी चौकी ने 10 और उरगा थाने ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ दीपका थाने में 4, सिविल लाइंस में 3 और उरगा थाने में 2 स्थायी वारंट तामील किए गए।

पुलिस ने इस अभियान को विशेष रूप से फरार अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाया था। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी वांछित आरोपी की जानकारी मिले, तो वे तुरंत सूचित करें ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।