पारिवारिक विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार

कोरबा। सात जन्म का साथ निभाने के वादे को ठेंगा दिखाते हुए पति ने विवाद कर पत्नी की निर्दयतापूर्वक हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया। तीन दिन से पुलिस उसे खोज रही थी। अपने सूचना तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर आरोपी पति को लेमरू से गिरफ्तार कर लिया गया।

बालकोनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अजगरबहार के मंझवार मोहल्ला में 10 अगस्त को यह घटना हुई थी। आरोपी पति महेन्दर मंझवार 35 वर्ष ने पत्नी लगनी बाई मंझवार से विवाद किया। पारिवारिक विवाद इसका कारण बताया गया।

बहसबाजी के बाद उसका मुंह और गला दबा दिया गया। छटपटाने के साथ लगनी बाई की मौत हो गई। इस बारे में प्रेमसाय मंझवार के द्वारा बालकोनगर पुलिस को उसी दिन सूचित किया गया। पुलिस ने बीएनएसएस के अंतर्गत मर्ग कायम किया।

खबर मिली की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि मर्ग इंटिमेशन, नक्शा पंचायतनामा, परिजनों/पंचान के कथन, एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अध्ययन-अवलोकन पर पाया गया कि मृतिका की मृत्यु, पारिवारिक विवाद के चलते उसके पति महेन्दर मझवार द्वारा दोनों हाथ से मृतिका के मुंह एवं नाक दबाने के कारण हुई है। इस आधार पर धारा 103 व 187 के अंतर्गत आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश जारी रखी गई। गुप्तचर से सूचना मिलने पर लेमरू में एक ठिकाने से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आज उसे स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।