छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती को खास बनाने के लिए कलेक्टर ने दिए निर्देश, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज

कोरबा । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को विशेष पहचान मिले, इसके लिए अधिकारियों को खास भूमिका निभानी होगी। उन्हें योजना बनाने के साथ इसके प्रस्ताव देने होंगे।

मंगलवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत ने विभागीय अधिकारियों को राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह को लेकर गंभीरता दिखाने को कहा। इसके साथ ही कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सभी नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिको की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए तिरंगा यात्रा का आयोजन करने के निर्देश दिये।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की जानकारी ली औऱ निर्देशित किया कि जिन विभागों को जो जिम्मेदारी दी गई है वे कार्यक्रम स्थल पर गंभीरता से पालन सुनिश्चित करेंगे।

सभी विभागों को ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों को आगे बढ़ाने को कहा। अब कोई भी फाइल मैनुअली नहीं लाई जाए इसका ध्यान रखें। अटल डिजिटल डैशबोर्ड के अंतर्गत कम केपीआई वाले विभागों को महत्वपूर्ण इंडिकेटर्स में प्रगति लाने, श्रम, नगर निगम,समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य, कृषि विभाग के अधिकारियों को केपीआई के इंडिकेटर्स को ध्यान रखकर कार्य करने को कहा।

समाज कल्याण विभाग को पेंशन राशि हितग्राहियों के खाते में डीबीटी के माध्यम से करने, राजस्व विभाग को विवादित-अविवादित नामान्तरण के निराकरण, सीमांकन, त्रुटि सुधार, वृक्ष कटाई के प्रकरणों में प्रगति लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सर्वे में मृत लोगों की जानकारी सामने आने के बाद आयुष्मान कार्ड, राशनकार्ड के डाटा से मृतक के नाम विलोपित करने को भी कहा।

इस दौरान (प्रशिक्षु आईएएस) एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, अभिजीत गुरभेले, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी एसडीएम, जिला अधिकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।