किकबॉक्सिंग के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण सहित 15 मेडल जीते

कोरबा। कोरबा जिले की सीएमए अकेडमी के खिलाड़ियों ने रायगढ़ के बीएसजे इंडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण सहित 15 पदक हासिल किए।

छत्तीसगढ़ ने कुल 8 स्वर्ण, 13 रजत और 37 कांस्य सहित 58 पदक जीतकर देश में छठवां स्थान प्राप्त किया।

कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पाइंट फाइटिंग, लाइट कांटेक्ट, किक लाइट, फूल कांटेक्ट, लोकिक, के-वन, म्यूजिकल फॉर्म्स और क्रिएटिव फॉर्म्स में हिस्सा लिया।

उद्घाटन समारोह में खेल मंत्री टंकराम वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, जबकि समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान पुलिस बैंड की धुन पर सभी राज्यों ने शानदार मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया।

कोरबा के पुरस्कृत खिलाड़ियों में अंकुश यादव (स्वर्ण व रजत), श्रेया शुक्ला (स्वर्ण), लोकिता चौहान (2 रजत), रेहाना फातिमा, कपिल पटेल (रजत), प्रभात कुमार साहू, शुभम यादव, प्रतिभा राय, तबस्सुम सैयद (डबल इवेंट), मयंक, कृष्णा डडसेना, रमेश सहने, जुनैद आलम, संजय साहू और हेमंत कुमार यादव शामिल हैं।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर एसोसिएशन के अध्यक्ष छगनलाल मूंदड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा, महासचिव आकाश गुरुदीवान, क्रीड़ा भारती कोरबा के अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा और प्रीति मिश्रा ने बधाई दी।