एसडीआरएफ की टीम जुटी रेस्क्यू में
कोरबा। बनवार गांव में एक कुआं के धंसने की घटना में एक परिवार के 3 सदस्य दब गए। नजदीक में उनकी चप्पलें मिली है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस हरकत में आई। दोपहर बाद एसडीआरएफ ने कुएं से पानी हटाने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कहा गया कि लापता लोगों की खोज में समय लग सकता है।
कटघोरा पुलिस थाना जटगा चौकी अंतर्गत आने वाले बनवार गांव में यह घटना हुई। छेदुराम श्रीवास 65 वर्ष ने गांव में अपने घर के नजदीक दो महीने पहले कुआं खुदवाया था।
कच्चे कुएं में बारिश के मौसम में काफी पानी मौजूद था। इस वजह से यहां लगी मोटर को निकालने के लिए छेदूराम, पत्नी श्रीमती कंचन बाई 53 वर्ष और 30 वर्षीय पुत्र गोविंद श्रीवास ने कामकाज शुरू किया। सोमवार को ये लोग काम कर ही रहे थे तभी एकाएक कुआं धंसक गया। इसी के साथ परिवार के तीनों सदस्यों को मलबा ने नीचे दबा दिया। कई घंटे बाद गांव के लोगों को इस बारे में जानकारी हुई। उन्होंने छेदूराम और उसके परिजनों की चप्पल देखी तो वे सहम गए।
उनके द्वारा जटगा पुलिस चौकी और कटघोरा थाना को गांव में कुआं धंसने और 3 लोगों के लापता होने की खबर दी। मामला गंभीर था। इसलिए पुलिस जल्दी हरकत में आई।
कटघोरा और जटगा पुलिस का बल मौके पर पहुंचा। लोगों के सहयोग से कुएं से पानी निकालने का काम शुरू कराया गया। जबकि दोपहर बाद एसडीआरएफ के पहुंचने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था।
कटघोरा टीआई डीएन तिवारी ने बताया कि कुएं में काफी पानी है और बेहतर स्त्रोत के साथ बारिश की वजह से पानी निकालने में दिक्कत हो रही है। रेस्क्यू टीम भी ऑपरेशन में जुटी हुई है। संभवत: मलबे में दबे लोगों की खोज करने में कई घंटे लग सकते है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

