नगर निगम की सख्ती: दर्री बाजार में अवैध कब्जे हटाए, स्वच्छता पर जोर

कोरबा। कोरबा नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने दर्री बाजार क्षेत्र में फुटपाथ पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की बेहतरी के लिए कोई समझौता नहीं होगा।

आयुक्त ने दर्री जोन के मुख्य मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में अधिकारियों की टीम के साथ स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया। ठेला और दुकान संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने आसपास प्लास्टिक, पाउच और कचरा जमा न होने दें। कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रगतिनगर लेबर कॉलोनी में कोयले की अंगीठी जलाने से फैल रहे जहरीले धुएं को देखकर आयुक्त ने तत्काल अंगीठी बुझवाई और लोगों को कच्चा कोयला न जलाने की हिदायत दी।

फर्टिलाइजर बस्ती और साडा कॉलोनी के शिव मंदिर क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया गया। आयुक्त ने नागरिकों से निगम के प्रयासों में सहयोग करने और अनावश्यक गतिविधियों से बचने की अपील की।

इस दौरान पार्षद राधाबाई महंत, जनक सिंह राजपूत, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर तपनयोगी तिवारी, उप जोन प्रभारी महेश्वर सिंह, उप अभियंता रितेश सिंह, शैलेंद्र नामदेव, राजस्व अमले से सत्यप्रकाश राठौर, तीजराम पटेल, रामाधर सागर, ढेलूराम देवांगन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।