उप मुख्यमंत्री ने किया अटल परिसर का लोकार्पण व प्रतिमा का अनावरण

शहर को भी अपना घर समझे और स्वच्छ रखे : अरुण साव

कोरबा। उप मुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने रविवार को नगर पालिक निगम अंतर्गत लगभग 30 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

उन्होंने विवेकानंद उद्यान के सामने अटल परिसर का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री ने अटल परिसर में स्व अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि यह गौरव की बात है कि अब प्रदेश के नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त होने लगा है। नगर पालिक निगम को भी स्वच्छता के लिए पुरुस्कार मिलना गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि कोरबा में तेज गति से स्वच्छता का काम हो रहा है। आने वाले समय में कोरबा नम्बर वन पर रहे, इसके लिए आमजनों का सहयोग जरूरी है। प्रभारी मंत्री श्री साव ने कहा कि जिस तरह हर व्यक्ति अपने घर को स्वच्छ रखता है। उसी तरह शहर को भी अपना घर समझे और स्वच्छ रखे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढिय़ों का मान सम्मान करते हुए अलग राज्य बनाया। आज उनकी वजह से ही यह छत्तीसगढ़ विकास की राह में लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र द्वारा सीएसआर से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 3 बस, एक सेक्शन मशीन, एक ई-वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में 5 हितग्राहियों को पीएम आवास की चाबी, 5 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र का वितरण किया। नगर निगम कोरबा द्वारा स्वच्छता रैंकिंग में आठवां स्थान प्राप्त करने पर मंत्री का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।

श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि आने वाले समय में कोरबा शहर के सभी वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश की उद्योग नीति को राज्य के बेरोजगारों के लिए बेहतर बताते हुए इससे लाभ मिलने की बात कही और बताया कि उद्योग के लिए राज्य में बड़ी राशि का निवेश हुआ है। उन्होंने राज्य में बहुत कम समय में ही मोदी की गारंटी पूरा होने की बात कहते हुए प्रदेश के किसानों, गरीबो और महिलाओं को इससे लाभ होने की जानकारी दी। 

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने आने वाले दिनों में विकास के कार्य और भी होते रहेंगे। हम कोशिश करेंगे कि हमारा शहर और भी स्वच्छ बने और देश में स्वच्छता के मामले में नम्बर वन रहे।

निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने लोकार्पण और भूमिपूजन के कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। निगम आयुक्त ने बताया कि स्वच्छता के लिए 26वीं रैंकिंग से देश में अब कोरबा नगर निगम ने 8वीं रैंक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम कोरबा वाटर प्लस होने के साथ थ्री स्टार रैंकिंग है।

निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी सिद्दार्थ तिवारी सहित अन्य उपस्थित थे।