अतिक्रमण पर नोटिस, उद्योग मंत्री ने रोकी कार्रवाई

कोरबा। शहर में अनेक स्थानों पर अलग-अलग तरीके से किए गए अतिक्रमण को लेकर नगर निगम ने अगली कार्यवाही के संबंध में लोगों को नोटिस दिए है। तीन दिन में यह काम होना है।

दूसरी ओर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने निगम को कहा है कि किसी प्रकार की अतिक्रमण न तोड़े जाए। उद्योग मंत्री स्वयं महापौर और निगम के अधिकारियों के साथ शहर के मुख्य मार्गो का भ्रमण कर व्यापारियों से मुलाकात करेंगे। 

शनिवार को उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के कोहडिय़ा, कोरबा स्थित कार्यालय में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की उपस्थिति में जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, अन्य पदाधिकारी गण के साथ शहर के व्यापारियों ने मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे से फोन पर चर्चा की। मंत्री देवांगन ने कहा की शहर के विकास में व्यापारी गणों का शुरू से ही बहुत बड़ा योगदान रहा है। व्यापारी प्रतिष्ठानों को बगैर किसी तरह की समस्या हुए शहर का विकास कराया जाए। शहर के व्यापारी खुद शहर के विकास के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग के लिए खड़े हैं।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वे खुद महापौर और निगम के अधिकारियों के साथ शहर के सभी मुख्यमार्गो के व्यावसायिक कॉम्प्लेक्सो का अवलोकन करेंगे। तब तक के लिए किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाए।