कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले का इतिहास धार्मिक और राजसी परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। जिले का नाम जहां पहाड़ी कोरवा जनजाति से प्रेरित है, वहीं यहां के कई गांवों के नाम अपने आप में अनोखी कहानियां समेटे हुए हैं। इन गांवों के नामों के पीछे इतिहास, परंपरा और प्रकृति से जुड़े रोचक किस्से छिपे हैं, जो कोरबा की सांस्कृतिक धरोहर को और समृद्ध बनाते हैं।
कोसगई: खजाने का घर
कोसगई गांव का नाम संस्कृत शब्द ‘कोष’ (खजाना) से लिया गया है, जिसका अर्थ है ‘खजाने का घर’। इतिहासकारों के अनुसार, यह गांव कभी कलचुरी राजवंश की राजधानी रहा था। यहां मौजूद प्राचीन गुफाएं, जिनके रास्ते दुर्गम हैं, राजा-महाराजाओं के खजाने छिपाने की कहानियों के लिए मशहूर हैं। इन गुफाओं के रहस्य आज भी पूरी तरह उजागर नहीं हुए हैं, जो इसे और रहस्यमयी बनाता है।
नेवराटिकरा: नगाड़ों की गूंज
जिले का एक और अनोखा गांव है नेवराटिकरा। ‘टिकरा’ का अर्थ ऊंचा स्थान और ‘नेवरा’ का अर्थ नगाड़ा है। कहानी है कि इस गांव के ऊंचे स्थान से नगाड़ा बजाकर लोगों को संदेश दिया जाता था या उन्हें एकत्र किया जाता था। मान्यता है कि वहां आज भी जीर्ण-शीर्ण अवस्था में प्राचीन नगाड़े मौजूद हैं, जो इस गांव की ऐतिहासिकता को दर्शाते हैं।
लोधझरिया और रानीझरिया: राजसी स्नान स्थल
कोरबा के मशहूर पर्यटन स्थल रानीझरिया के पास लोधझरिया गांव स्थित है। जहां रानीझरिया का नाम रानियों के स्नान स्थल से जुड़ा है, वहीं लोधझरिया का संबंध राजा लोधी के स्नान से बताया जाता है। दोनों ही स्थान अजगरबहार के समीप हैं और हाल के वर्षों में पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहे हैं।
सूअरलोट: दूल्हा-दुल्हन पहाड़ और प्राचीन शैल चित्र
करतला क्षेत्र का सूअरलोट गांव अपने अनोखे नाम और दूल्हा-दुल्हन पहाड़ के लिए जाना जाता है। इस पहाड़ पर प्राचीन शैल चित्रों में दो मानव आकृतियां हैं, जिनके हाथ ऊपर उठे हुए हैं, जिसके कारण इसे दूल्हा-दुल्हन पहाड़ नाम दिया गया। गांव में विवाह के अवसर पर दूल्हा-दुल्हन इस पहाड़ को निमंत्रण समर्पित करते हैं, जो एक अनूठी परंपरा है। गांव का नाम सूअरलोट इसलिए पड़ा, क्योंकि पहाड़ के समतल हिस्से पर जंगली सूअर लोटा करते थे।
कोरबा के इन गांवों के नाम और उनकी कहानियां न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखती हैं, बल्कि जिले की समृद्ध परंपराओं और प्रकृति के संगम को भी दर्शाती हैं। ये कहानियां कोरबा की धरा को और भी खास बनाती हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677