नगर निगम की सख्ती: सड़क पर सामान रखने वालों पर ₹2,000 का जुर्माना, ई-चालान से होगी कार्रवाई

रायपुर। रायपुर नगर पालिका निगम ने सड़कों पर निर्माण सामग्री या अन्य सामान रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने का ऐलान किया है। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि अब ऐसे लोगों की वीडियोग्राफी की जाएगी और उनके खिलाफ ई-चालान के माध्यम से ₹2,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। यह प्रक्रिया यातायात पुलिस द्वारा जारी किए जाने वाले ई-चालान की तरह ही होगी।

सड़कों पर सामान रखने वालों पर नजर

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क पर निर्माण सामग्री या अन्य वस्तुएं रखने वालों पर निगम की टीम नियमित निरीक्षण करेगी। निर्माण कार्यों सहित अन्य गतिविधियों में भी ई-चालान और ई-नोटिस जारी किए जाएंगे। इस कदम से निगम का कामकाज अधिक पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने का दावा किया गया है।

सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान

नगर निगम आयुक्त ने मुख्य मार्गों, सार्वजनिक शौचालयों और बाजारों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर सड़क पर सामान फैलाने वालों पर भी वीडियोग्राफी के आधार पर कार्रवाई होगी। यातायात को सुगम बनाने के लिए यह अभियान निरंतर चलेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कोई अवरोधक सामग्री न रखें।

जनदर्शन और शिकायतों का त्वरित समाधान

आयुक्त विश्वदीप ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, निदान 1100 और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस कदम से नागरिकों की समस्याओं का तेजी से निपटारा करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम की इस पहल से शहर में यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।