राजनांदगांव, 25 जून 2025: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। बीते 20 दिनों (1 से 20 जून) में राजनांदगांव, डोंगरगढ़ सहित अन्य स्टेशनों पर चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान में 24,182 यात्रियों को बिना टिकट, अनियमित यात्रा या बिना बुकिंग सामान के साथ पकड़ा गया। इस कार्रवाई से रेलवे ने 1 करोड़ 11 लाख 13 हजार रुपये का राजस्व वसूला, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 16% अधिक है।
यात्री टिकट निरीक्षकों को देखकर एक बोगी से दूसरी बोगी में भागते नजर आए। पकड़े गए यात्रियों ने ट्रेन छूटने का डर या स्वास्थ्य खराब होने जैसे बहाने बनाए, लेकिन रेलवे ने सख्ती बरतते हुए कार्रवाई की।
गंदगी फैलाने वालों पर भी नकेल
रेलवे ने स्वच्छता के प्रति भी कड़ा रुख अपनाया। इस अवधि में स्टेशन परिसर और कोचों में कूड़ा-कचरा फैलाने के 541 मामलों में कार्रवाई की गई, जिससे 52,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह पिछले साल की तुलना में 163% अधिक मामले और 215% अधिक दंड राशि दर्शाता है।
डिजिटल भुगतान पर जोर
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने बताया कि अनुशासन बनाए रखने और अनियमित यात्रा रोकने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलते रहेंगे। उन्होंने यात्रियों से वैध टिकट के साथ यात्रा करने और डिजिटल भुगतान का अधिक उपयोग करने की अपील की, ताकि नकद लेन-देन की असुविधा से बचा जा सके और रेलवे की ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली को और पारदर्शी बनाया जा सके।
रेलवे का यह अभियान यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने और रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















