कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 54 वर्षीय संजीव गुप्ता ने 9 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप का प्रयास किया। घटना 23 जून 2025 की है, जब आरोपी बच्ची को आइसक्रीम खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और उसके साथ अनैतिक कृत्य करने की कोशिश की। बच्ची ने घर पहुंचकर अपनी मां को बताया कि “अंकल ने बैड टच किया।”
पुलिस के अनुसार, आरोपी संजीव गुप्ता आलू-प्याज बेचने का काम करता है और पीड़िता के घर नियमित रूप से आता-जाता था। बच्ची की मां ने पहले ही उसे गुड टच और बैड टच के बारे में सिखाया था, जिसके कारण बच्ची ने तुरंत अपनी मां को घटना की जानकारी दी। मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि बच्ची को न्याय दिलाने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की जा रही है। यह मामला एक बार फिर बच्चों को गुड टच-बैड टच की शिक्षा देने और अभिभावकों की सतर्कता की महत्ता को रेखांकित करता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















