जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनेली में खड़ाखोडी तालाब के पास एक बबूल के पेड़ पर प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस में हड़कंप मच गया।
मृतक युवक की पहचान शैलेंद्र केवट (24 वर्ष), निवासी अमोरा के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती चांपा थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र केवट के पिता ने बताया कि उनका बेटा सोमवार सुबह 11 बजे पिकनिक मनाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। महंत गांव के एक रिश्तेदार ने फोन पर सूचना दी कि शैलेंद्र ने फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि शैलेंद्र और एक अज्ञात युवती बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटके हुए थे।
परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र की शादी करीब एक महीने पहले हुई थी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों ने दोनों को फांसी के फंदे पर लटकते देखा तो तुरंत पामगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतारा। घटनास्थल पर सैकड़ों लोग जमा हो गए।
पामगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती की पहचान और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना ने स्थानीय समुदाय में शोक और आश्चर्य की लहर पैदा कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















