कलमीटिकरा के जंगल में मिले बड़े वन्यजीव के पंजों के निशान, ग्रामीणों को बाघ की आशंका

वन विभाग की टीम ने शुरू की जांच, विशेषज्ञ कर रहे पदचिह्नों की पहचान; ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह

कोरबा। कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कलमीटिकरा के जंगल में बड़े वन्यजीव के पंजों जैसे संदिग्ध निशान मिलने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इन निशानों को बाघ के पदचिह्न होने की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, विभाग ने फिलहाल क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है।

ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह जंगल की ओर जाते समय उन्हें जमीन पर बड़े वन्यजीव के पंजों जैसे निशान दिखाई दिए। निशान देखकर ग्रामीणों ने बाघ की आशंका जताई और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध निशानों का निरीक्षण किया।

विशेषज्ञ टीम कर रही पदचिह्नों की जांच

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जंगल में मिले निशान बाघ के हैं या किसी अन्य वन्यजीव के। इसके लिए विशेषज्ञों की टीम पदचिह्नों की नाप-जोख सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का परीक्षण कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वन्यजीव की पहचान और उसकी मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। ग्रामीणों से फिलहाल जंगल की ओर नहीं जाने, अकेले जंगल में प्रवेश नहीं करने तथा मवेशियों को जंगल में चराने से बचने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त कर रही है।

गौरतलब है कि कोरबा जिले के जंगलों में हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में बड़े वन्यजीव के संदिग्ध पदचिह्न मिलने के बाद वन विभाग अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। फिलहाल बाघ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में आशंका बनी हुई है। अब विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।