अनियंत्रित होकर पलटा भारी वाहन, चपेट में आई कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतमाला पुल के पास देर रात तेज रफ्तार भारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दौरान पास से गुजर रही एक कार भी उसकी चपेट में आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक सीजी-10 बीएन-9633 देर रात भारतमाला पुल के नीचे से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया। पास से गुजर रही कार क्रमांक सीजी-11 बीडी-7100 इसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार को काफी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और भारी वाहन चालक से नियंत्रण कैसे छूटा, इसकी जांच की जा रही है।

हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए, लेकिन किसी के हताहत नहीं होने से बड़ी अनहोनी टल गई।