कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा आएंगे 11 को
कोरबा। ऊर्जा नगरी कोरबा में सावन के पवित्र माह में श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 12 से 18 जुलाई तक सर्वमंगला मंदिर से कनकी जाने वाली नहर मार्ग पर खैरभावना कनबेरी मैदान में विश्व विख्यात कथा प्रवक्ता पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण की अमृत वर्षा होगी।
आयोजन में शामिल होने पं. प्रदीप मिश्रा 11 जुलाई को कोरबा आयेंगे एवं सात दिवसीय ज्ञान गंगा प्रवाहित कर सभी शिव भक्तों की मनोकामना पूर्ण करेंगे।
कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक किया जायेगा।
श्री मकाहाल भक्त मंडल के अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा व सचिव राजेन्द्र तारक ने प्रेस क्लब तिलक भवन में आहूत पत्रवार्ता में बताया कि आयोजन के लिए प्रथम बैठक माँ सर्वमंगला मंदिर में रखी गई जिसमें शिव भक्त कथा प्रेमी बंधु एवं मातृशक्ति की उपस्थिति में विस्तृत चर्चा कर कथा के आयोजन की सहमति हुई।
इसी दौरान कथा के आयोजन हेतु कोरबा से सिहोर के लिए कुल 14 भक्तों का समूह प्रस्थान किया और पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा आशीर्वाद प्राप्त कर कथा की तिथि का निर्धारित किया गया।
दुर्गेश शर्मा ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने हेतु एक पंजीकृत समिति का गठन किया गया जिसका नाम सर्वसहमति से श्री महाकाल भक्त मण्डल कोरबा रखा गया एवं श्री महाकाल भक्त मण्डल कोरबा के आय-व्यय का लेखा-जोखा में पारदर्शिता बनी रहे इसके लिए बैंक में खाता खोला गया है।
पत्रकारवार्ता में कोषाध्यक्ष शैलेश शुक्ला, रमाकांत द्विवेदी महराज, शत्रुघन थवाईत, अमृत लाल गुप्ता, अरविंद केशरवानी, ईश्वर पटेल, आशीष गुप्ता, आयुष अग्रवाल, सुरेश गुप्ता उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
