इमली छापर चौक पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए 11 मकान तोड़े गए, प्रशासन की कार्रवाई

कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र में इमली छापर चौक पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए प्रशासन और कुसमुंडा प्रबंधन ने शनिवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की। इस दौरान 11 मकानों को तोड़ने का काम शुरू हुआ। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन प्रशासन की कड़ाई के बाद स्थिति शांत हो गई और लोग अपने मकानों से सामान निकालने लगे।

पिछले दो वर्षों से रुका हुआ ओवरब्रिज निर्माण का काम अब तेजी पकड़ रहा है। पूर्व में मुआवजे की मांग को लेकर कई बार बैठकें हो चुकी हैं और स्थानीय लोगों का विरोध भी देखा गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरब्रिज निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

इमली छापर चौक पर मकानों के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस परियोजना के पूरा होने से कुसमुंडा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।