एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के थीम पर होगा योग दिवस 

भारत की योग परंपरा जोड़ती है पूरे विश्व को : हर्षिता

कोरबा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को पूरी दुनिया के 190 देशों में एक लाख से अधिक स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। इस वर्ष की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य रखी गई है, जो न केवल वैश्विक स्वास्थ्य की भावना को दर्शाती है, बल्कि भारत की समृद्ध योग परंपरा को विश्व से जोड़ती है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को भाजपा द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ नेताओं ने योग के महत्व व आगामी आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।

प्रेसवार्ता में मुख्य वक्ता राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती हर्षिता पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास के साथ-साथ इसकी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने पर भी हमेशा बल दिया है। भारत न केवल कृषि प्रधान राष्ट्र है, बल्कि ऋषियों की भूमि भी है।

योग हमारी प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। योग आत्मा, चेतना और शरीर के सामंजस्य का माध्यम है, जो एकता, संयम और जीवन की शुद्धता का प्रतीक है। कोरबा से उनका पुराना और आत्मीय रिश्ता रहा है। यह मेरा सौभाग्य है कि इस पावन धरती पर एक बार फिर मुझे संवाद का अवसर मिला।

श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि जिले में भाजपा द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर कन्वेंशन सेंटर सहित जिला एवं मंडल स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। प्राचीन काल में जब आधुनिक चिकित्सा नहीं थी, तब योग और आयुर्वेद के माध्यम से ऋषियों-मुनियों ने स्वास्थ्य रक्षा की अनूठी परंपरा बनाई।

अगर आज हर नागरिक योग को अपनाए, तो भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना सरल हो जाएगा।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जायसवाल, भाजयुमो महामंत्री एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वैशाली रत्नपारखी, पूर्व पार्षदगण ऋतु चौरसिया, ज्योति वर्मा, नरेंद्र पाटनवार, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।