धरती आबा उत्कर्ष अभियान के तहत गोढ़ी में जागरूकता शिविर, 39 राशन कार्ड सहित कई योजनाओं का लाभ वितरित

कोरबा। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत कोरबा विकासखंड के गोढ़ी क्लस्टर में हाईस्कूल गोढ़ी में जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बेन्दरकोना, डूमरडीह, भूलसीडीह, बुंदेली, गोढ़ी, गोड़मा, केसला, करमंदी, आंछीमार, करूमौहा, केराकछार, दरगा, मौहार, केरवां, डेंगुरडीह, नकटीखार, पण्डरीपानी, पतरापाली, टेवानारा और ठाकुरखेता के ग्रामीणों ने भाग लिया।

शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत 39 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 10 को आधार कार्ड, 10 को मनरेगा जॉब कार्ड, 1 को आयुष्मान कार्ड, 12 को पेंशन स्वीकृति, 1 को जाति प्रमाण पत्र, 5 को उज्जवला कनेक्शन, और 2 को जनधन खाते प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं।

शिविर में गोढ़ी सरपंच झूलबाई कंवर, पण्डरीपानी सरपंच रामसिंह कंवर, केराकछार सरपंच जगसिंह, जनपद पंचायत कोरबा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कौशाम्बी गबेल, विकास विस्तार अधिकारी महेश्वरी साव, अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

यह अभियान जनजातीय समुदाय के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से वंचित तबकों को शासन की मुख्यधारा से जोड़कर सरकारी योजनाओं का त्वरित और पारदर्शी लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।