मानसून की पहली झमाझम बारिश ने दी गर्मी से राहत, कृषि गतिविधियों में आएगी तेजी

कोरबा।: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कोरबा जिले में मानसून की पहली अच्छी बारिश ने दस्तक दे दी। 17 जून को सुबह से आसमान में छाए बादलों ने दोपहर होते-होते झमाझम बारिश का रूप ले लिया, जिससे गर्मी से त्रस्त लोगों को राहत मिली। कोरबा नगर के साथ-साथ उपनगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस बारिश का असर देखा गया।

मध्यम तेज गति की इस बारिश ने तापमान की तपिश को कम करने में अहम भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने बारिश को जल, जीवन और खेती के लिए संजीवनी बताते हुए भगवान का आभार जताया। लोगों का कहना है कि यह बारिश गर्मी से परेशान आमजन, किसानों और सभी प्राणियों के लिए सुकून लेकर आई है।

कृषि गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

उपसंचालक कृषि देवेंद्र पाल सिंह तंवर ने बताया कि मानसून का आगमन खरीफ सीजन के लिए शुभ संकेत है। मौसम विभाग की सुखद भविष्यवाणियों के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आएगी। किसान समुदाय लंबे समय से इस बारिश का इंतजार कर रहा था, और अब खेती से जुड़ी गतिविधियां जोर पकड़ेंगी।

कोरबा के ग्रामीण अंचलों से संवाददाताओं ने भी अच्छी बारिश की खबरें भेजी हैं। यह बारिश न केवल मौसम को सुहाना बना रही है, बल्कि जिले की अर्थव्यवस्था और कृषि आधारित आजीविका को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।