अधिकारियों से सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली
कोरबा। जिले में संचालित कोयला खदानों से बारिश में भी बेहतर उत्पादन होना चाहिए, यह कंपनी की नीति है। एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने कोरबा स्थित गेवरा मेगा परियोजना का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने परियोजना के विभागीय और संविदा खदानों का निरीक्षण कर कोयला उत्पादन की प्रगति और सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान श्री दुहन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्पादन के साथ-साथ सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
कोयला उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ कार्यस्थल की सुरक्षा और कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखना कंपनी की प्राथमिकता है। श्री दुहन ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए परियोजना में की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बारिश के मौसम में सुचारू संचालन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जल निकासी, ढलानों की सुरक्षा, मशीनरी की तैयारी तथा कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजऱ ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर एसईसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी, परियोजना प्रभारी, तकनीकी स्टाफ और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। श्री दुहन ने खदान क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए वहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद भी किया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















