युवती से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो से पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

कोरबा-रजगामार। रजगामार में एक युवती के साथ अश्लील इशारे और भद्दी टिप्पणी करने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी ऐसी घटना है, जिसमें पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में कुल तीन आरोपियों को जेल भेजा गया है।

पीड़िता ने 14 जून को अपने परिवार के साथ रजगामार चौकी में शिकायत दर्ज कराई कि 11 जून को कोरबा से रजगामार लौटते समय डुमरडीह पुल के पास एक व्यक्ति ने मोटरसाइकिल (CG12AL1249) से उनकी स्कूटी के सामने आकर अश्लील इशारे और टिप्पणियां कीं।

पीड़िता ने घटना का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कोरबा पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए आरोपी राजकुमार राठिया (24 वर्ष, निवासी घोटमार, थाना करतला) को हिरासत में लिया।

रजगामार चौकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2), 78(2), और 79 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मोटरसाइकिल को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 183(1) और 196(2) के तहत जप्त कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

ऐसी घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है, लेकिन पीड़ित युवतियों के साहस की सराहना हो रही है। महिलाओं को सतर्क रहने और ऐसी घटनाओं में तुरंत शिकायत दर्ज करने की सलाह दी जा रही है। हालांकि, जिन मामलों में वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होती, उनमें आरोपियों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। पुलिस को तकनीकी संसाधनों को बढ़ाने और सतत निगरानी की आवश्यकता है।

कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं का सम्मान करें। छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर परिजन तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस ने नागरिकों से कोरबा को अच्छे कार्यों के लिए पहचान दिलाने में सहयोग करने का अनुरोध किया है।