लेमरू में बनेगा विद्युत उप केन्द्र, बस्ती-टोलों को करेंगे रौशन

कोरबा। कोरबा जिले के रिमोट एरिया के लोगों को आगामी कुछ समय में बहुत सारी समस्याओं से छुटकारा मिल सकेगा। कारण यह है कि सुदूर लेमरू में नया विद्युत उप केन्द्र तैयार होगा।

इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अंतर्गत ऐसे पारा, बस्ती अथवा टोला, जहां 10 या अधिक परिवार निवास कर रहे हैं और अब तक बिजली सुविधा से वंचित हैं, वहां प्राथमिकता से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

मंगलवार को प्रशासन के द्वारा समय-सीमा की बैठक में इसी पर फोकस किया गया। सीएसईबी को कहा गया है कि जल्द ही इस दिशा में काम किया जाए।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कटघोरा विकासखंड के ललमटिया बस्ती में 25 परिवारों के बिजलीविहीन होने पर सुविधा देने को कहा। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश दिए तथा अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कार्यालयों में भी यह कार्य सुनिश्चित कराने को कहा।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि किसी भी योजना या कार्य के क्रियान्वयन में सर्वेक्षण कार्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, अत: इसे गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए।

महिला एवं बाल विकास विभाग के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को विवादरहित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने पर भी उन्होंने जोर दिया। जनपद सीईओ को कहा गया कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, मनोज कुमार बंजारे सहित सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।