कोरबा पुलिस ने एक 24 वर्षीय युवती के साथ बलात्कार के मामले में आरोपी भोज राम पटेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर 2022 से 2023 के बीच कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने 16 मई 2025 को सीएसईबी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी और सीएसईबी चौकी प्रभारी की टीम ने जांच शुरू की। आरोपी भोज राम पटेल, जो जांजगीर-चांपा जिले के पोड़ी शंकर रीमाडीह का निवासी है, को उसके गृहग्राम से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(n) के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, भोज राम पटेल ने पीड़िता, जो उसकी रिश्तेदार और उसके पिता की मितान की बेटी है, को शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के घर उसका आना-जाना था, लेकिन परिजनों को इसकी भनक नहीं थी। जब शादी की बात आई, तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और चुपके से एक सप्ताह पहले दूसरी युवती से शादी कर ली। पीड़िता को शादी की जानकारी मिलने पर उसने सीएसईबी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज की।
सीएसईबी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद कुमार चंद्राकर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के घर में हड़कंप मच गया, क्योंकि उसकी शादी को अभी एक सप्ताह ही हुआ था और मेहंदी भी पूरी तरह नहीं उतरी थी। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
