कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में दस साल बाद सत्ता परिवर्तन के साथ नए पार्षदों का चयन हुआ है, लेकिन वार्डों में लगे साइन बोर्डों पर पुराने पार्षदों के नाम अब भी मौजूद होने से नागरिकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस से चुने गए नए पार्षदों के साथ कुछ पुराने पार्षद दोबारा चुने गए हैं, लेकिन नए पार्षदों और एमआईसी सदस्यों की जानकारी साइन बोर्डों पर अपडेट न होने से लोग भटक रहे हैं।
उदाहरण के लिए, सर्वमंगला पुल के पास वार्ड नंबर 2 पटेलपारा में आज भी पुराने पार्षद संतोष राठौर (कांग्रेस) का नाम पार्षद और एमआईसी सदस्य के रूप में दर्ज है, जबकि वे अब न तो पार्षद हैं और न ही एमआईसी सदस्य। उनके नाम के आगे ‘पूर्व’ का उल्लेख भी नहीं है।
वर्तमान में वार्ड नंबर 2 के पार्षद ईश्वर पटेल (भाजपा) हैं। इसी तरह, परिसीमन के बाद पूर्व वार्ड नंबर 1 (रामसागर पारा) को वार्ड नंबर 2 (पटेलपारा) में शामिल किया गया है, और रामसागर पारा का वार्ड अब कहीं और है। यहां वर्तमान पार्षद युगल कैवर्त (भाजपा) हैं। इन पुराने साइन बोर्डों के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
नगर निगम के सभी 67 वार्डों में कमोबेश यही स्थिति है। निगम अधिकारियों की इस अनदेखी को लोग उनकी लापरवाही मान रहे हैं।
नागरिकों का कहना है कि साइन बोर्डों को तत्काल अपडेट कर नए पार्षदों और एमआईसी सदस्यों की जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वार्डवासियों को सही जानकारी मिल सके और भ्रम की स्थिति खत्म हो।
इस मामले में निगम अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की मांग उठ रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
