मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने किया चक्का जाम, प्रशासन के आश्वासन पर हटी भीड़

कोरबा पाली । मुनगाडीह में मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे 130 पर स्थानीय किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। प्रभावित किसानों का आरोप है कि उनकी सिंचित जमीन को नेशनल हाईवे निर्माण के लिए अधिग्रहित किया गया, लेकिन मुआवजा असिंचित जमीन के हिसाब से निर्धारित किया गया, जिससे उन्हें उचित राशि नहीं मिली।

प्रदर्शन के कारण सड़क पर दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई, और छोटे-बड़े वाहनों के साथ-साथ एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं।

प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि उनकी जमीन पिछले वर्षों में हाईवे निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई थी। हाईवे बनने के बाद लाखों वाहन इस मार्ग से गुजर चुके हैं, और टोल प्लाजा से शुल्क भी वसूला जा रहा है।

इसके बावजूद, मुआवजे का मसला अब तक अनसुलझा है। किसानों ने कई बार नेशनल हाईवे प्राधिकरण और जिला प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आश्वासनों से तंग आकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

सुबह शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी की और सड़क पर बैठकर यातायात रोक दिया। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस और पाली तहसीलदार सूर्यप्रकाश केशकर के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।

तहसीलदार ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को उचित मंच पर उठाया जाएगा और जल संसाधन विभाग के माध्यम से जांच कराई जाएगी। लगभग दो घंटे की वार्ता के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया, जिससे हाईवे पर यातायात बहाल हुआ और फंसे यात्रियों को राहत मिली।

किसानों ने मांग की है कि मुआवजे के मामले की जांच बिलासपुर कमिश्नर कोर्ट में विचाराधीन याचिका के साथ-साथ जल संसाधन विभाग द्वारा भी की जाए।

तहसीलदार सूर्यप्रकाश केशकर ने बताया कि प्रभावितों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है, और अगली कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों से दिशा-निर्देश लिए जाएंगे।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे भविष्य में और उग्र आंदोलन करेंगे।