कोरबा जिले में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की आशंका के बीच स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एस.एन. केसरी ने बताया कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार जिले में कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि सर्दी-खांसी जैसे लक्षणों को हल्के में न लें और तुरंत जांच कराएं।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में सर्दी-खांसी से संबंधित मरीजों की जांच और डेटा संकलन शुरू कर दिया है। कोविड पॉजिटिव पाए गए मामलों की पुष्टि के लिए सैंपल एम्स रायपुर भेजे जाएंगे।
कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गंभीर मरीजों के लिए चार बेड का विशेष वार्ड तैयार किया गया है। साथ ही, मेडिकल कॉलेज सहित सभी अस्पतालों में जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
सीएमएचओ ने बताया कि संभावित मरीजों को अलग रखने और उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। लोगों से पैनिक न करने की अपील की गई है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के उप-स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों और मितानिनों को प्रशिक्षण दिया गया है।
मितानिन घर-घर जाकर कोविड से बचाव की जानकारी देंगी और संदिग्ध मामलों की सूचना लेंगी। पॉजिटिव मामलों की पुष्टि के बाद मरीजों को एम्स रायपुर रेफर किया जाएगा।
जिला मेडिकल कॉलेज मेंदवाइयों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, और शहर व ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में भी दवाएं भेजी जा रही हैं। पांच साल पहले कोविड की पहली और दूसरी लहर के दौरान कोरबा में भारी नुकसान हुआ था, जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गंवाई थी।
स्वास्थ्य विभाग और भारत सरकार की वैक्सीन ने स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुराने अनुभवों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
