युक्तियुक्तकरण में त्रुटि, प्रक्रिया रद्द करने की मांग 

कोरबा। शिक्षा विभाग द्वारा जारी युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सर्व शिक्षक संघ के महासचिव विपिन यादव ने प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की है।

सर्व शिक्षक संघ ने कलेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे आवेदन में कहा है कि 31 मई को किये गये विसंगतिपूर्ण अतिशेष सहायक शिक्षकों की विसंगतिपूर्ण युक्तियुक्तकरण काउंसलिंग प्रक्रिया को निरस्त किया जावे, क्योंकि उक्त प्रक्रिया में सचिव शिक्षा विभाग द्वारा जारी परिपत्र के कण्डिका 10 के बिन्दु 4 का पूर्णत: पालन नहीं किया गया है।

काउंसलिंग हेतु जितने शिक्षक अतिशेष हैं उतनी ही संख्या में शिक्षक विहीन, एकल शिक्षकीय एवं अधिक दर्ज संख्या वाले विद्यालयों को दर्शित किया जाये। किन्तु यहां यह ध्यान में रखा जायेगा कि, सभी शिक्षक विहीन विद्यालयों एवं इसके पश्चात् सभी एकल शिक्षकीय विद्यालयों को अनिवार्य रूप से दर्शित किया जाये।

तद्नुपरांत आवश्यकतानुसार अधिक दर्ज संख्या वाले विद्यालयों को दर्शित किया जाये। कहा गया कि कोरबा जिला में अतिशेष सहायक शिक्षकों की संख्या कम एवं शिक्षक विहीन तथा एकल शिक्षकीय विद्यालयों में रिक्त पदों की संख्या अधिक है। इस स्थिति में शिक्षकों की प्रतिपूर्ति आखिर कैसे की जाएगी।