केंदई रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध साल लकड़ी के साथ ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में वन विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई कर अवैध रूप से कीमती साल लकड़ी ले जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कटघोरा वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत और केंदई रेंजर अभिषेक दुबे ने गेज नदी के पास जंगल से साल लकड़ी की तस्करी की जानकारी पर त्वरित कार्रवाई की।

वन विभाग की टीम ने बीती रात 9 बजे ग्राम खोसरा के कोसाबाड़ी के पास गेज नदी मार्ग पर ट्रैक्टर (क्रमांक सीजी-16सीएफ-1297) को रोका, जिसमें बड़ी मात्रा में साल लकड़ी और बल्ली लदी हुई थी।

चालक राजकुमार बिंझवार, ग्राम सरपता चौकी कोरबी का निवासी, से जब लकड़ी परिवहन के दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह वाहन मालिक भारत सिंह सिदार के कहने पर गेज नदी के जंगल से लकड़ी ला रहा था।

वन विभाग ने ट्रैक्टर और लकड़ी को जब्त कर वन आवासीय परिसर मोरगा में सुरक्षित रखा है। चालक और वाहन मालिक के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में रेंजर अभिषेक दुबे के नेतृत्व में वनकर्मी रामप्रताप कुशवाहा, गंगाराम नेताम, अशोक श्रीवास, पंकज खैरवार, प्रीतम पुराइन और सुनील डिक्सेना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।