रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी कार्यप्रणाली को और अधिक सुचारू करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय में शनिवार की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इस निर्णय का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों की संवेदनशीलता और समयबद्धता को सुनिश्चित करना है।
जारी पत्र में कहा गया है कि पुलिस मुख्यालय में लंबित प्रकरणों के समय पर निराकरण के लिए प्रत्येक शनिवार को अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। सभी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी शाखाओं में सहायक पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों और शाखा प्रभारियों को शनिवार को भी कार्यालय में उपस्थित रहने के लिए सुनिश्चित करें।
यह खबर पुलिस महकमे से शुरू होकर मंत्रालय और अन्य सरकारी विभागों में तेजी से फैल गई है। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच चर्चा है कि पुलिस मुख्यालय के बाद मंत्रालय और अन्य विभागों में भी शनिवार की छुट्टियां रद्द हो सकती हैं।
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में सरकारी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में पांच दिन का कार्यदिवस लागू है, लेकिन अधिकांश आईएएस, आईपीएस और विभागाध्यक्ष शनिवार को भी कार्यालय आते रहे हैं।
कुछ अधिकारियों और नेताओं का मानना है कि शनिवार को कार्यालय खुलने से आम जनता के लंबित कार्यों का निपटारा आसान होगा, खासकर उन मामलों में जो शुक्रवार को पूरे नहीं हो पाते और सोमवार तक लंबित रहते हैं।
इस निर्णय से कलेक्ट्रेट और जनता से सीधे जुड़े कार्यालयों में कार्यकुशलता बढ़ने की उम्मीद है, जिससे आम लोगों को सुविधा होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677