शादी का झांसा देकर वकील ने किया धोखा, सिविल लाइन पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक वकील श्रीराम श्रीवास  ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने दो बच्चों के साथ अकेले रहती है। उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न करता था, और उसने दूसरी शादी भी कर ली थी। इस कारण पीड़िता अपने बच्चों के साथ अलग रहने लगी। पति-पत्नी का मामला कोर्ट में चल रहा है।

इस दौरान श्रीराम श्रीवास ने भरण-पोषण और उत्पीड़न के मामले में पीड़िता की मदद करने का वादा किया। उसने पीड़िता को शादी का झांसा देकर अपने झांसे में लिया और शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता को उम्मीद थी कि वह उससे शादी करेगा और उसका सुख-दुख का साथी बनेगा।

हालांकि, जब पीड़िता ने शादी की बात आगे बढ़ाई, तो श्रीराम श्रीवास ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज की।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि शिकायत के आधार पर श्रीराम श्रीवास के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने यह भी पुष्टि की कि आरोपी एक वकील है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।