पशु चिकित्सालय की भूमि पर गढ़कलेवा रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग

कोरबा। कटघोरा के पशु चिकित्सालय की शासकीय भूमि पर संचालित गढ़कलेवा के नाम से रेस्टोरेंट और भोजनालय को बंद करने की मांग स्थानीय लोगों ने कलेक्टर से की है।

आरोप है कि कांग्रेस शासनकाल में राजनैतिक दबाव के चलते पशु चिकित्सालय की मुख्य सड़क से लगी करोड़ों रुपये कीमत की जमीन पर अवैध रूप से गढ़कलेवा खोला गया, जो भ्रष्टाचार का प्रतीक है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चिंटू अग्रवाल ने कलेक्टर को शिकायत सौंपी है, जिसमें कहा गया है कि गढ़कलेवा के नाम पर रेस्टोरेंट संचालित कर शासकीय भूमि का आधा से अधिक हिस्सा अतिक्रमित कर लिया गया है। यह रेस्टोरेंट पशु चिकित्सालय की बाउंड्रीवाल के भीतर चल रहा है, जहां गाय, भैंस और अन्य पशुओं का उपचार होता है।

शिकायत में दावा किया गया है कि गढ़कलेवा के नाम पर कुछ रसूखदार लोगों को शराब परोसी जाती है और लाखों रुपये की मासिक कमाई की जा रही है। यह छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य के विपरीत है।

आरोप है कि रेस्टोरेंट संचालक धीरे-धीरे शासकीय भूमि पर कब्जा बढ़ा रहे हैं, जिससे भविष्य में पूरी जमीन हथियाने का खतरा है। कटघोरा का यह एकमात्र पशु चिकित्सालय है, जहां जगह की कमी के कारण पशुओं के उपचार में दिक्कत हो रही है।

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि गौ सेवा आयोग के दिशानिर्देशों के तहत गौ माता के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए रेस्टोरेंट को तत्काल बंद किया जाए और जमीन को पशु चिकित्सालय के लिए संरक्षित किया जाए।

कलेक्टर से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है ताकि जनहित में इस अवैध अतिक्रमण को हटाया जा सके और पशु चिकित्सालय की सुविधाओं का विस्तार हो सके।