‘सेवा के रंग’ में सजी रंगोली, छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में छात्राओं ने ‘सेवा के रंग’ थीम पर आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने माय भारत युवा कार्यक्रम के तहत आयोजित गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को बेहतर ढंग से प्रदर्शित करने तथा अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज झा ने सेवा संकल्प अभियान में महाविद्यालय की सक्रिय सहभागिता जारी रखने की बात कही। उन्होंने छात्राओं से 7 अक्टूबर को घंटाघर चौक में आयोजित होने वाले ‘सेवा के रंग’ विशाल रंगोली निर्माण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

रंगोली प्रतियोगिता की प्रभारी सुश्री अंजना चौधरी रहीं। निर्णायक के रूप में डॉ. उषाबाला गुप्ता, श्रीमती किरण बाजपेयी एवं श्रीमती डाली नवीन शंकर ने सहभागिता की। इसके अलावा बीएससी की संकाय प्रभारी श्रीमती नीना शर्मा, बीसीए एवं बीकॉम से सुश्री रुचिका कल्ला, बीसीए एवं पीजीडीसीए से श्रीमती चंद्रकला केसकर तथा बीएड से श्रीमती चंद्रावती सिंगर ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को सेवा, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का संदेश दिया गया।

महाविद्यालय की छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से सेवा भावना और सकारात्मक सामाजिक संदेशों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया।