60 की उम्र के बाद नई दिशा: डॉ. सतीश शुक्ला ने ज्योतिष पर शोध कर हासिल की पीएचडी

शनि की साढ़े साती और अरैया के मानव जीवन पर प्रभाव का किया विश्लेषणात्मक अध्ययन, उदयपुर में दीक्षांत समारोह में मिली उपाधि

कोरबा। उम्र को सीखने और आगे बढ़ने की राह में बाधा न मानते हुए रूमगरा निवासी डॉ. सतीश शुक्ला ने 60 वर्ष की आयु के बाद ज्योतिष विषय में अध्ययन और शोध का नया अध्याय शुरू किया। उनके शोध कार्य को सफलता मिली और महर्षि कॉलेज ऑफ वैदिक एस्ट्रोलॉजी, उदयपुर (राजस्थान) ने उन्हें ज्योतिष विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की।

डॉ. शुक्ला ने ‘ज्योतिष आधार एवं सिद्धांतों के परिप्रेक्ष्य में शनि ग्रह की साढ़े साती एवं अरैया के मानव जीवन पर प्रभाव का विश्लेषणात्मक अध्ययन’ विषय पर शोध किया। यह शोध कार्य डॉ. आरती कपूर के निर्देशन में पूरा हुआ।

उदयपुर में 27 सितंबर को आयोजित दीक्षांत समारोह में महर्षि वैदिक कॉलेज की ओर से उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने यह संदेश भी दिया कि सीखने और ज्ञान अर्जित करने की कोई निर्धारित उम्र नहीं होती।

इससे पहले डॉ. सतीश शुक्ला ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से ज्योतिष विषय में एमए की शिक्षा प्राप्त की और प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की थी। शिक्षा एवं शोध के साथ वे सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं तथा यूथ हॉस्टल सहित विभिन्न संगठनों में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और परिचितों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।