काशी कला महोत्सव में कोरबा की पूजा देवांगन ने जीता प्रथम स्थान, ‘काशी कलारत्न’ से सम्मानित

17 राज्यों के कलाकारों के बीच शानदार प्रस्तुति से रहीं अव्वल,कला जगत की दिग्गज हस्तियों ने किया सम्मानित

कोरबा। कोरबा की प्रतिभाशाली कलाकार पूजा देवांगन, पुत्री श्री फत्तेलाल देवांगन एवं श्रीमती शिवकुमारी देवांगन, ने वाराणसी में आयोजित काशी कला महोत्सव-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए उन्हें ‘काशी कलारत्न’ सम्मान से नवाजा गया।

वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में आयोजित इस महोत्सव का आयोजन ग्लोबल म्यूजिक एंड आर्ट फाउंडेशन तथा मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। महोत्सव में देश के 17 राज्यों से गायन, वादन और नृत्य विधाओं के प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के कोरबा से शामिल हुईं पूजा देवांगन ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद उन्हें सम्मान स्वरूप ‘काशी कलारत्न’ की उपाधि प्रदान की गई।

कार्यक्रम में पद्मश्री प्रो. ऋत्विक सान्याल, पद्मश्री प्रो. मंगला कपूर तथा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. चितरंजन ज्योतिषी सहित संगीत एवं कला जगत से जुड़ी अनेक विशिष्ट हस्तियां उपस्थित रहीं।

पूजा की इस उपलब्धि से कोरबा के कला प्रेमियों और उनके परिजनों में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता ने राष्ट्रीय स्तर के मंच पर कोरबा और छत्तीसगढ़ की कला प्रतिभा को भी पहचान दिलाई है।