सीतामढ़ी में 11 और राताखार में 3 वाहन जब्त, अवैध उत्खनन-परिवहन के खिलाफ अभियान जारी
कोरबा। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सितंबर माह में विभाग ने रेत, मिट्टी और चूना पत्थर से संबंधित 54 प्रकरण दर्ज कर 8 लाख 63 हजार 146 रुपये की राशि वसूल की है। कार्रवाई के दौरान अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 14 वाहनों को जब्त किया गया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर उप संचालक खनिज प्रमोद नायक के नेतृत्व में विभागीय टीमों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई की जा रही है। खनिज उड़नदस्ता दलों ने कई स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों की जांच की।
सितंबर माह में रेत, मिट्टी और चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते पाए गए 50 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से 27 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 7 लाख 28 हजार 390 रुपये की राशि वसूल कर खनिज मद में जमा कराई गई है। शेष प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई के दौरान सीतामढ़ी में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में 11 वाहन तथा राताखार में रेत के अवैध परिवहन में 3 वाहन जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन के 4 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 1 लाख 34 हजार 756 रुपये की राशि वसूल कर खनिज मद में जमा कराई गई। इस तरह सितंबर माह में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के कुल 54 प्रकरणों में 8 लाख 63 हजार 146 रुपये की राशि वसूल की गई।
राजस्व नुकसान रोकना और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा लक्ष्य
खनिज विभाग के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर निगरानी और जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
