पुणे में बसों का तकनीकी निरीक्षण पूरा, जमनीपाली टर्मिनल में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और विद्युत लाइन बिछाने की कवायद तेज
कोरबा। कोरबा शहर में इलेक्ट्रिक सिटी बसों के संचालन की तैयारी अब तेज हो गई है। केंद्र सरकार द्वारा जिले के लिए स्वीकृत 40 इलेक्ट्रिक सिटी बसों के संचालन का रास्ता साफ होने के बाद संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन बसों के संचालन से शहरी और आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों में लोगों को किफायती एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसी तैयारी के तहत सिटी बस संचालन व्यवस्था से जुड़ी एक टीम ने महाराष्ट्र के पुणे पहुंचकर प्रस्तावित इलेक्ट्रिक बसों का प्राथमिक निरीक्षण किया। टीम में तकनीकी विशेषज्ञों सहित संबंधित अधिकारी शामिल थे। टीम ने सर्विस प्रोवाइडर के परिसर का निरीक्षण कर बसों के निर्माण, असेंबलिंग, संचालन, तकनीकी संसाधनों और रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निर्माण कंपनी के विशेषज्ञों ने टीम को इलेक्ट्रिक बसों के संचालन एवं मेंटेनेंस से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान चार्जिंग व्यवस्था, रखरखाव सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं को समझा गया, ताकि कोरबा में बस संचालन शुरू होने के बाद व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके। प्रदेश के अन्य जिलों की टीमें भी इस दौरान पुणे पहुंची थीं।
रूट तय होने के बाद सड़कों पर उतरेंगी बसें
कोरबा में इलेक्ट्रिक सिटी बसों के संचालन के लिए आगामी दिनों में रूट निर्धारित किए जाएंगे। प्राथमिकता के तौर पर कोरबा शहर को आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों से जोड़ने वाले मार्गों पर बसों के संचालन की तैयारी है। यात्रियों की जरूरत और सेवा की उपयोगिता के आधार पर भविष्य में रूट एवं बस सेवाओं का विस्तार किया जा सकता है।
वर्तमान तैयारी को देखते हुए दीपावली के बाद इलेक्ट्रिक सिटी बसों के सड़कों पर उतरने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि बसों के वास्तविक संचालन की तिथि संबंधित तैयारियों और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद तय होगी।
जमनीपाली टर्मिनल तक अलग विद्युत लाइन की तैयारी
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए जमनीपाली में निर्माणाधीन टर्मिनल को भी तैयार किया जा रहा है। बसों की चार्जिंग व्यवस्था के लिए यहां उच्च क्षमता का सब-स्टेशन और ट्रांसफार्मर स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों से पृथक विद्युत लाइन बिछाने को लेकर चर्चा की गई है।
टर्मिनल पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होने के बाद बसों के नियमित संचालन में सुविधा होगी। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही शहर में प्रदूषण कम करने की दिशा में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
कोरबा जैसे तेजी से विस्तार कर रहे औद्योगिक शहर में इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू होने से शहरवासियों को सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प मिलेगा। साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन को अधिक व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिल सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















