बजरंग चौक से कटघोरा-पाली रोड तक सिमटी सड़कें, टीआई ने नगरपालिका को कार्रवाई के लिए भेजा पत्र
कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर दुकानदारों द्वारा दुकान की सीमा से बाहर सामान रखने और अतिक्रमण किए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। सड़क की लगातार कम होती चौड़ाई और आए दिन लगने वाले जाम को लेकर पुलिस ने चिंता जताई है। आगामी नवरात्र और दीपावली के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने नगरपालिका प्रशासन को समय रहते कार्रवाई करने के लिए सचेत किया है।
दीपका के बजरंग चौक से कटघोरा रोड एवं पाली रोड की ओर मुख्य मार्ग पर कई दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान सड़क तक फैलाकर रखा जा रहा है। कुछ स्थानों पर स्थायी निर्माण के कारण भी वाहनों के लिए उपलब्ध जगह कम हो गई है। इसके चलते व्यस्त समय में यातायात बाधित होने के साथ वाहन चालकों और दुकानदारों के बीच विवाद की स्थिति भी बन रही है।
टीआई ने सीएमओ को भेजा पत्र
स्थानीय थाना प्रभारी डीएन तिवारी ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद के सीएमओ को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने कहा है। पत्र में मुख्य मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर उसे हटाने के लिए रणनीति तैयार करने का आग्रह किया गया है।
पुलिस ने नगरपालिका को अवगत कराया है कि नवरात्र और दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने से यातायात संबंधी परेशानी और दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। ऐसे में त्योहारों से पहले सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और दुकान का सामान सड़क तक फैलाने की समस्या का समाधान जरूरी है।
पहले भी कटघोरा में की गई थी पहल
टीआई डीएन तिवारी इससे पहले कटघोरा क्षेत्र में भी इसी तरह की यातायात समस्या को लेकर पहल कर चुके हैं। वहां संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया था।
दीपका में भी पुलिस की पहल के बाद अब नगरपालिका प्रशासन की कार्रवाई पर नजर रहेगी। समय रहते अतिक्रमण हटने से मुख्य मार्ग पर आवागमन सुचारू होने के साथ त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















