फर्जी OSD बनकर सरपंचों से ठगी, कोरबा में शहजादा उर्फ जावेद खान के खिलाफ मामला दर्ज

कोरबा/जीपीएम। फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है, जिसमें शहजादा उर्फ राजू उर्फ जावेद खान ने खुद को पूर्व शिक्षामंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम का ओएसडी बताकर ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की स्वीकृति के नाम पर ठगी की। आरोपी ने खरडी और देवरीखुर्द के पूर्व सरपंचों से लाखों रुपये हड़प लिए। पुलिस ने शहजादा के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खरडी ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच चन्द्रप्रीतम सिंह ने बताया कि 5 मई 2023 को शहजादा उनके घर आया और पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम व प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल के लेटरहेड दिखाकर विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया। उसने स्वीकृत राशि का एक प्रतिशत कमीशन मांगकर चन्द्रप्रीतम से 50,000 रुपये लिए। बाद में कोई काम नहीं हुआ और पैसा मांगने पर वह टालमटोल करता रहा। जांच में पता चला कि शहजादा का मंत्रियों से कोई संबंध नहीं था।

इसी तरह, देवरीखुर्द की पूर्व सरपंच सीताबाई मार्को से भी शहजादा ने सड़क, पुलिया और रिटर्निंग वॉल जैसे निर्माण कार्यों की स्वीकृति के नाम पर 25,000 रुपये ठगे। उसने 15 मई 2023 को 35,000 रुपये नकद और बाद में अपनी पत्नी सोनी खान के फोन-पे खाते में 15,000 रुपये ट्रांसफर करवाए। काम नहीं होने पर उसने संपर्क तोड़ दिया।

पुलिस ने 17 मई 2025 को शहजादा उर्फ जावेद खान, निवासी गेवरा बस्ती, कुसमुंडा (वर्तमान पता: हाउसिंग बोर्ड, चिल्हाटी चौक, मोपका, सरकण्डा, बिलासपुर) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। विवेचना जारी है।