कोरबा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं जिला शिक्षा अधिकारी को समन्वय से कार्य करते हुए सभी पात्र एससी, एसटी एवं ओबीसी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के आवेदन सही तरीके से भरवाए जाएं, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
साथ ही विभागीय फाइलों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से करने तथा ई- एचआरएमएस में शेष कर्मचारियों की ऑनबोर्डिंग 31 अगस्त तक पूर्ण कराने को कहा।
पुरानी पीएमजीएसवाई सड़कों की बनेगी सूची
बैठक में पोड़ी-उपरोड़ा के हरदेवा में नए पुल के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा सरमा में पीडब्ल्यूडी पुल की मरम्मत जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पीएमजीएसवाई की संधारण अवधि पूरी कर चुकी सड़कों की सूची तैयार कर आवश्यक मरम्मत एवं संधारण कार्य कराने को कहा।
आईटीआई रामपुर के शेष कार्यों में तेजी लाने तथा नवोदय विद्यालय के लंबित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन और स्कूलों की व्यवस्था पर जोर
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन की पूर्ण योजनाओं का सत्यापन कर भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एकलव्य आवासीय विद्यालय छुरी में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सीमांकन से जुड़े प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने तथा विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों की टीबी स्क्रीनिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। विकसित भारत-माय भारत युवा योजना से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने पर भी जोर दिया।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व समय पर पूरा करने तथा समारोह को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओएसडी तरुण कुमार किरण सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
