आजादी के उत्सव में आत्मनिर्भरता की झलक, ‘जय माता दी’ समूह के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने उत्पाद खरीदकर बढ़ाया महिला स्व-सहायता समूह का उत्साह

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए ‘जय माता दी’ स्व-सहायता समूह के स्टॉल में देशभक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिल रही है। तिरंगे की थीम पर सजाए गए स्टॉल में समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

रजगामार, कोरबा की श्रीमती कीर्ति प्रजापति से जुड़ा ‘जय माता दी’ स्व-सहायता समूह 13 महिलाओं का समूह है। वर्ष 2019 से समूह से जुड़ी महिलाएं अपने हुनर और रचनात्मकता को आजीविका का माध्यम बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

तिरंगा थीम पर आकर्षक उत्पाद
स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए स्टॉल को देशभक्ति की थीम पर सजाया गया है। यहां कॉफी मग, टी-शर्ट, मैजिक मिरर, मैजिक मग सहित तिरंगा थीम पर आधारित कई आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध हैं। उत्पादों के माध्यम से 15 अगस्त और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

कलेक्टर ने की खरीदारी, बढ़ाया उत्साह
महिलाओं की मेहनत और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने कलेक्टर कुणाल दुदावत भी स्टॉल पर पहुंचे। उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने महिलाओं के कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और स्टॉल से उत्पादों की खरीदारी भी की।

कलेक्टर के इस प्रोत्साहन से समूह की महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा। समूह की श्रीमती कीर्ति प्रजापति ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उन्हें अपने हुनर को निखारने और नई चीजें सीखने का अवसर मिला। महिलाएं मिलकर उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर करने और उन्हें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं।

कलेक्ट्रेट परिसर में लगा यह स्टॉल स्वतंत्रता दिवस की देशभक्ति की भावना के साथ महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और स्थानीय हुनर को बढ़ावा देने का संदेश भी दे रहा है।