सीएसईबी ग्राउंड में मंच, बैठक, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
कोरबा।स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मंगलवार को सीएसईबी ग्राउंड का निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह स्थल पर मंच, बैठक, पार्किंग और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को मंच निर्माण के साथ आयोजन स्थल की साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 13 अगस्त को अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
सीआईएसएफ, पुलिस और एनसीसी की टुकड़ियां लेंगी परेड में हिस्सा
स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन सुबह करीब 9 बजे किया जाएगा। समारोह में सीआईएसएफ, पुलिस, नगर सेना, एनसीसी तथा स्काउट-गाइड की टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी। समारोह के मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल होंगे, जो मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का छत्तीसगढ़वासियों के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करेंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं विभागों को सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को रोशनी से सजाया जाएगा। जनपद कार्यालयों में जनपद अध्यक्ष तथा नगरीय निकायों में महापौर अथवा अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
