भाई की संदिग्ध मौत पर बहन ने जताया संदेह, न्याय की मांग

अंकित सोनवानी की मौत के मामले में पत्नी गिरफ्तार, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

कोरबा।एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 वर्षीय अंकित सोनवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं। मृतक की बहन अंकिता सोनवानी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भाई की मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार करीब तीन सप्ताह पहले अंकित सोनवानी अपने घर के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला था। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजन उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह जता रहे थे।

मृतक की बहन अंकिता सोनवानी ने अपनी भाभी प्रिया सोनवानी पर प्रताड़ना और भाई की हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जाए, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके और परिवार को न्याय मिल सके।